दिल्ली पुलिस ने इंडियन यूथ कांग्रेस (IYC) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को गिरफ्तार कर लिया है. सूत्रों के मुताबिक, यह गिरफ्तारी पिछले हफ्ते भारत मंडपम में आयोजित इंडिया AI इम्पैक्ट समिट के दौरान हुए ‘शर्टलेस प्रोटेस्ट’ मामले में हुई है. पुलिस ने तड़के करीब 4:30 बजे उदय भानु को हिरासत में लिया और अब उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार करके दिल्ली की कोर्ट में पेश किया गया है.
पुलिस ने 7 दिन का रिमांड मांगा
दिल्ली पुलिस ने उदय भानु को दिल्ली की कोर्ट में पेश करके 7 दिन पुलिस कस्टडी की मांग की है. पुलिस का आरोप है कि उदय पूरी साजिश में शामिल थे और लॉजिस्टिक मुहैया करवाया था. पुलिस ने कहा कि इस मामले में देश के अलग-अलग जगह से लोग शामिल हुए थे. जांच के लिए कई जगह ले जाना है, इस वजह से कस्टडी चाहिए.
वहीं उदय भानु के वकील ने पुलिस कस्टडी की मांग का विरोध किया. उन्होंने कहा कि उदय ने हमेशा जांच मे सहयोग किया. जब बुलाया गया जांच के लिए मोजूद रहे. गिरफ्तारी की क्या जरूरत है सिर्फ टी शर्ट को रिकवर करने के लिए कस्टडी चाहिए. ये हास्यास्पद दलील है.
उदयभान के वकील ने कहा देश मे प्रदर्शन करना लोकतंत्र कहता है. दिल्ली पुलिस इस मामले को जबरदस्ती बड़ा कर रही है. उदय के वकील ने कहा कि कोर्ट कस्टडी न दे, वरना एक रास्ता खुल जाएगा रोज एक पदाधिकारी को गिरफ्तार कर पेश किया जाएगा. वहीं टीशर्ट पर वकील ने कहा कि 7-8 टीशर्ट प्रदर्शनकारियों से बरामद की गई हैं. अब पुलिस को पूरी फैक्ट्री की जांच करनी है. टीशर्ट कोई कहीं भी छपा सकता है.
कोर्ट दोपहर 12:30 बजे इस मामले पर फैसला देगी.
पुछताछ के लिए उदय को थाने बुलाकर गिरफ्तार किया
दिल्ली पुलिस ने उदय भानु चिब को तिलक मार्ग थाने पूछताछ के लिए बुलाया था. लंबी पूछताछ के बाद पुलिस ने उदय को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस का कहना है इस प्रदर्शन को लेकर सारी जानकारी उदय भानु चिब के पास थी या कहीं इस प्रदर्शन की पूरी रूपरेखा रखने में IYC प्रेसिडेंट की अहम भूमिका थी. पुलिस ने कहा कि पूछताछ के दौरान उदय भानु ने सहयोग नहीं किया. ज्यादातर सवालों से उदय भानु या तो मुकर गए या उसने उनको भटकाने की कोशिश की. पुलिस सूत्रों के मुताबिक पुलिस को उदय भानु के खिलाफ पर्याप्त सबूत मिले है जिसके बाद गिरफ्तारी की गई है.
सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने उदय भानु से यह सवाल किए:
AI Summit में हुए प्रदर्शन के बारे में क्या आपको पहले से जानकारी थी?
क्या आपके कहने पर ही इस प्रदर्शन को योजना बनाई गई?
कौन-कौन इस प्रदर्शन करने की योजना में शामिल थे?
किस-किस जगह से कार्यकर्ताओं को इस प्रदर्शन में शामिल होने के लिए बुलाया गया था?
कार्यकर्ताओं को दिल्ली में आने के लिए किस तरह से ट्रांसपोर्ट मुहैया कराए गए?
प्रदर्शन के लिए सामग्री कहां से और कैसे जुटाई गई?
लॉजिस्टिकल सपोर्ट कहां से मिला?
शर्टलेस प्रदर्शन में कुल 8 गिरफ्तारियां हुईं
यह मामला तब सुर्खियों में आया जब IYC के कार्यकर्ताओं ने AI समिट के दौरान बिना शर्ट पहने विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने सरकार की नीतियों और AI से जुड़े मुद्दों पर नारेबाजी की और कार्यक्रम स्थल पर हंगामा मचाया. पुलिस ने इस घटना को सार्वजनिक शांति भंग करने और अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया था. अब तक इस मामले में कुल 8 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिसमें उदय भानु चिब भी शामिल हैं. पुलिस ने रातभर पूछताछ की और आरोप है कि उदय भानु ने जांच में पूरा सहयोग नहीं किया.
कांग्रेस ने गिरफ्तारी पर क्या रिएक्शन दिया?
कांग्रेस सांसद शशिकांत सेंथिल ने कहा,’युवा बेरोजगारी और पेपर लीक जैसे मुद्दे से प्रभावित होने के बावजूद सरकार से जवाब नहीं मिल रहा था, जिस कारण AI समिट में प्रदर्शन करना पड़ा. यहां तक कि हम जैसे सांसद भी मुद्दे उठाते थे तो जवाब नहीं मिलता था. यूथ को लगा कि ‘कॉम्प्रोमाइज’ PM से कोई आशा नहीं है. ये बहुत छोटा प्रोटेस्ट था, जबकि लाखों युवा बेरोजगार हैं. यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता इसी बैकग्राउंड से आए हैं. इन्होंने बहादुरी का परिचय दिया, वो भी तब जब उन्हें पता था कि यहां कैसी सरकार है?’
जांच में बड़ी आशंका की साजिश
दिल्ली पुलिस ने अभी तक आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है, लेकिन सूत्रों के अनुसार जांच में ‘बड़ी साजिश’ की आशंका जताई जा रही है. पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन के पीछे संगठित योजना थी और इसमें युवा कांग्रेस के टॉप लीडर शामिल थे. उदय भानु चिब को तिलक मार्ग पुलिस स्टेशन में रखा गया था, जहां से उन्हें गिरफ्तार किया गया.

