पश्चिम बंगाल को लेकर चुनावी सर्वे में अलग-अलग अनुमान लगाए जा रहे हैं। CNX के सर्वे में पश्चिम बंगाल में एक बार फिर ममता बनर्जी की वापसी होती दिख रही है। वहीं, सी वोटर के सर्वे के अनुसार राज्य में BJP की सरकार बनने का अनुमान है। CNX के सर्वे में ममता बनर्जी की पार्टी को 294 में से 151 सीटें मिलने का अनुमान व्यक्त किया गया है। वहीं, सर्वे के अनुसार BJP के खाते में 117 सीट आती दिख रही है। लेफ्ट और कांग्रेस के खाते में 24 सीट मिलने की संभावना जताई गई है।
CNX के सर्वे के अनुसार दक्षिण बंगाल में अभी भी TMC का दबदबा बना हुआ है। सर्वे में पार्टी के यहां 84 में से 53 सीटें मिलती दिख रही हैं। वहीं BJP को 16 सीटें मिलने का अनुमान व्यक्त किया गया है। सर्वे में पश्चिम बंगाल की 294 में 112 सीटों पर हुए इस सर्वे में 8960 लोगों से बात की गई है। यह सर्वे 23 जनवरी से 7 फरवरी के बीच किया गया है।
C-Voter सर्वे के अनुसार राज्य में BJP की सरकार बनती दिखाई दे रही है। सर्वे में 43% लोगों का मानना है कि राज्य में BJP की सरकार बन सकती है। वहीं, 35% लोगों का मानना है कि ममता बनर्जी की TMC राज्य में एक बार फिर से सरकार बना सकती है। 14% लोग ऐसे हैं जिनका मानना है राज्य में लेफ्ट और कांग्रेस सरकार बना सकते हैं। वहीं, 2% लोगों ने राज्य में त्रिशंकु विधानसभा की उम्मीद जताई है।
CNX के सर्वे के अनुसार ममता की पार्टी TMC को 2019 के मुकाबले भारी झटका लगता दिखाई दे रहा है। पार्टी को उत्तर बंगाल में बड़ा नुकसान होता दिख रहा है। BJP को इस इलाके में बड़ी सफलता मिलती दिख रही है। उत्तर बंगाल की 56 सीटों में से BJP को 32 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। वहीं, TMC को यहां महज 15 सीटों से ही संतोष करना पड़ सकता है। लेफ्ट और कांग्रेस को 7 सीटें मिल सकती है। अन्य के खाते में 2 सीट जाने का अनुमान है।
सर्वे के अनुसार कोलकाता में TMC का दबदबा बना रहेगा। ग्रेटर कोलकाता पार्टी को 35 में से 26 सीटें मिलने का अनुमान है। BJP को यहां महज 9 सीटों से ही संतोष करना पड़ेगा। लेफ्ट और कांग्रेस के साथ अन्य का यहां खाता भी नहीं खुलने का अनुमान है। दक्षिण पश्चिम कोलकाता में मुकाबला बराबरी का रहने के आसार हैं। यहां की 119 सीटों में से TMC के खाते में 57 और BJP के खाते में 60 सीटें मिलने का अनुमान है। लेफ्ट और कांग्रेस को यहां महज 2 सीट मिलने की संभावना है।
C वोटर के सर्वे में भले ही लोग BJP की सरकार बनने की बात कह रहे हैं लेकिन CM के रूप में ममता बनर्जी लोगों की पहली पसंद हैं। राज्य में 52% लोगों का मानना है कि ममता बनर्जी CM पद के लिए सबसे बेहतरीन उम्मीदवार हैं। वहीं, BJP के दिलीप घोष 25% लोगों की पसंद के साथ दूसरे स्थान पर हैं। अधीर रंजन चौधरी को 2% लोगों ने CM पद के लिए बेहतर उम्मीदवार बनाया है। चौंकाने वाली बात है कि सर्वे में बंगाल टाइगर सौरव गांगुली बेहतर CM उम्मीदवार के रूप में 4% लोगों की पसंद बने हैं।
C वोटर का सर्वे टेलीफोन पर बातचीत के आधार पर किया गया है। सर्वे में 7527 लोगों से बात की गई है। सर्वे 14 फरवरी तक किया गया। इसके अलावा C वोटर ने वीकली स्नैप पोल भी किया जिसमें 2811 लोगों से बातचीत की गई।