पटना सिविल कोर्ट को आज एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही एहतियातन कोर्ट परिसर को पूरी तरह खाली करा लिया गया. कोर्ट में तैनात सुरक्षा कर्मियों ने सिविल कोर्ट के तीनों गेट बंद कर दिए और किसी भी व्यक्ति के प्रवेश पर रोक लगा दी गई. अज्ञात व्यक्ति ने मेल के जरिए धमकी दी है. पूरे भवन को बम से उड़ाने की धमकी दी है.
इस घटना की जानकारी मिलते ही पीरबहोर थाने की पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंच गई. पूरे कोर्ट परिसर के चप्पे-चप्पे की सघन तलाशी ली जा रही है. फिलहाल किसी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है.
पटना सिविल कोर्ट को 4 दिन में तीसरी बार बम से उड़ाने की धमकी मिली है. आज गुरुवार (12 फरवरी, 2026) को पूर्णिया सांसद पप्पू यादव की दो मामले में जमानत याचिका पर सुनवाई होनी है. कल भी धमकी मिली थी इसलिए पप्पू यादव की पेशी नहीं हो पाई थी और सुनवाई टल गई थी.
गौरतलब है कि बुधवार को भी उनकी पेशी सिविल कोर्ट में निर्धारित थी और इन दोनों मामलों में जमानत याचिकाओं पर सुनवाई होनी थी. लेकिन उसी दिन कोर्ट को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिसके बाद एहतियातन अदालत परिसर खाली करा लिया गया था और सुनवाई स्थगित कर दी गई थी.
बुद्धा कॉलोनी थाना में दर्ज सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के मामले और कोतवाली थाना के वर्ष 2017 के एक मामले में उनकी नियमित जमानत याचिकाएं लंबित हैं. इन मामलों में सुनवाई नहीं हो पाने के कारण पुराने मामले में जमानत मिलने के बावजूद उन्हें पटना के बेऊर जेल भेजा गया था.
अब एक बार फिर कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की घटना ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है. इसी बीच आज प्रस्तावित सुनवाई को लेकर भी संशय की स्थिति बनी हुई है. अदालत और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से निपटा जा सके.

