पटना में क्या बोले राहुल गांधी?
Bihar Bandh Live: मार्च के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि महाराष्ट्र का चुनाव चोरी किया गया था. बिहार चुनाव को भी चोरी करने की कोशिश हो रही है. बिहार की जनता चुनाव चोरी होने नहीं देगी. बीजेपी यह समझ ले यह बिहार है यहां चोरी नहीं चलेगी. महाराष्ट्र में गरीबों के वोट काटे गए. महाराष्ट्र में सभी नए वोट बीजेपी को मिले.देश का संविधान चुनाव आयोग पर भी लागू होता है.
प्रदर्शन के दौरान बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश
महागठबंधन के नेताओं-कार्यकर्ताओं ने पटना के इनकम टैक्स गोलंबर से मार्च शुरू किया जिसे शहीद स्मारक के पास रोक दिया गया. इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश की है. निर्वाचन आयोग के दफ्तर से कुछ दूरे पहले यह हुआ है.
राहुल गांधी और तेजस्वी ने शुरू किया मार्च
बिहार बंद को लेकर पटना में तेजस्वी यादव के साथ कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने मार्च शुरू कर दिया है. इस मौके पर मार्च में भाकपा महासचिव डी राजा, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन के नेता दीपांकर भट्टाचार्य और बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम के अलावा वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी भी शामिल हुए.
क्या बोले कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार?
एनएसयूआई के राष्ट्रीय प्रभारी कन्हैया कुमार ने बिहार बंद पर कहा, “सड़कों पर उतरे हैं लोकतंत्र की रक्षा के लिए क्योंकि कहा जाता है कि अगर सड़कें सुनी हो जाए तो संसद आवारा हो जाती है इसलिए सड़कों पर उतरना जरूरी है.”
कानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं: तेजस्वी
बिहार बंद के बीच आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कानून-व्यवस्था पर कहा, “…यहां कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज है. लॉ एंड ऑर्डर का क्रिमिनल डिसऑर्डर हो गया है… नीतीश कुमार अचेत हैं… वे हाईजैक हो रखे हैं, सब जानते हैं कि चुनाव के बाद उनके साथ क्या किया जाएगा.”

