नेपाल में जेन जी के विद्रोह और ओली सरकार के तख्तापलट के बाद अब नई चुनी हुई सरकार अस्तित्व में आ गई है. देश में बालेंद्र शाह ‘बालेन’ ने आज शुक्रवार को नेपाल के नए प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ले लिया है. इसके साथ ही बालेन इस हिमालयी देश में शीर्ष कार्यकारी पद संभालने वाले सबसे कम उम्र के निर्वाचित नेता बन गए हैं.
सूत्रों का कहना है कि बालेन संभवतः अपना एक छोटा कैबिनेट गठित करेंगे, जिसमें मंत्रियों की संख्या 15 से 18 के बीच हो सकती है.
मधेश क्षेत्र से देश को मिला पहला PM
राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से जारी एक सूचना के अनुसार, राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (Rastriya Swatantra Party, RSP) के संसदीय दल के नेता बालेन शाह को संविधान के अनुच्छेद 76 (1) के तहत प्रधानमंत्री नियुक्त किया है. रैपर से राजनेता बने 35 साल के बालेन शाह मधेश क्षेत्र (Madhes Region) से प्रधानमंत्री बनने वाले देश के पहले नेता भी हो गए हैं.
इससे पहले राष्ट्रपति के प्रेस सलाहकार किरण पोखरेल के अनुसार, राष्ट्रपति पौडेल नवनियुक्त प्रधानमंत्री को दोपहर 12:34 बजे राष्ट्रपति कार्यालय ‘शीतल निवास’ में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे. बालेन के शपथ ग्रहण समारोह में हिंदू और बौद्ध धार्मिक परंपराओं का एक अनूठा संगम देखने को मिलेगा.
शपथ ग्रहण के दौरान भव्य धार्मिक अनुष्ठान
बालेन के सूत्रों ने शपथ ग्रहण से जुड़ी तैयारियों के बारे में बताया कि इस समारोह में बड़े स्तर पर भव्य धार्मिक अनुष्ठान किए गए, जिनमें 7 ब्राह्मणों द्वारा शंखनाद, 108 हिंदू बटुकों या युवा ब्राह्मणों द्वारा वैदिक मंत्रों या ‘स्वस्ति वाचन’ का पाठ, और 107 लामाओं द्वारा ‘मंगल वाचन’ या बौद्ध धर्मग्रंथों का पाठ शामिल है.
पिछले साल हुए हिंसक ‘Gen Z’ विरोध प्रदर्शनों के बाद हुए नेपाल में कराए गए पहले आम चुनाव में पारंपरिक पार्टियों को पछाड़ते हुए बालेन शाह ने शानदार प्रदर्शन किया. देश में अगली सरकार बनाने के लिए नेपाली जनता ने काठमांडू के पूर्व मेयर और राजनीति में नए चेहरे बालेंद्र शाह ‘बालेन’ और उनकी पार्टी RSP को चुना है.शाह अपने प्रशंसकों के बीच ‘बालेन’ के नाम से लोकप्रिय हैं. इन विरोध प्रदर्शनों के दौरान पीढ़ीगत बदलाव और भ्रष्टाचार मुक्त शासन की मांग की गई थी.
4 बार के PM ओली को बड़े अंतर से हराया
राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी, जिसने बालेन को प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में पेश किया था, ने प्रतिनिधि सभा (HoR) की कुल 275 सीटों में से 182 सीटें जीतकर भारी जीत हासिल की. इसके साथ ही पार्टी संविधान के अनुच्छेद 76 (1) के तहत बहुमत की सरकार बनाने की पात्र बन गई है. प्रतिनिधि सभा के 275 सदस्यों में से 165 सदस्य प्रत्यक्ष मतदान के जरिए और 110 सदस्य आनुपातिक मतदान के जरिए चुने जाते हैं. इन सदस्यों ने कल गुरुवार को ही संसद के सभी नवनिर्वाचित सदस्यों ने शपथ ली.
काठमांडू के मेयर रहे बालेन शाह ने चुनाव में नेपाल की कम्युनिस्ट पार्टी (एकीकृत मार्क्सवादी-लेनिनवादी) के लंबे समय से गढ़ रहे झापा-5 निर्वाचन क्षेत्र में, 4 बार के प्रधानमंत्री केपी. शर्मा ओली को बड़े अंतर से हराया.

