केरल के मलप्पुरम जिले से एक दिलदहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 12 साल की मासूम का करीब 30 लोगों द्वारा यौन शोषण करने का मामला सामने आया है। इस बात का खुलासा तब हुआ जब नाबालिग लड़की की स्कूल में काउंसलिंग हुई। लड़की ने बताया कि दो साल से अधिक समय से उसका यौन शोषण किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, ‘लड़की ने लगभग 30 लोगों के खिलाफ बयान दिया है। इन लोगों ने पिछले दो वर्षों तक उसका यौन शोषण किया था। हालांकि पीड़िता आरोपियों की पहचान नहीं कर पा रही है।’
इस मामले में अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार लोगों में लड़की के पिता का नाम भी शामिल है। उसके पिता को अपहरण के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। जबकि गिरफ्तार दो अन्य लोगों के पहचान अशरफ और श्याजू के रूप में हुई है। लड़की का बयान मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज हो चुका है।
बता दें, आरोपियों पर भारतीय दंड संहिता और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण करने संबंधी अधिनियम 2012, (POCSO) की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। फिलहाल लड़की को बाल कल्याण आश्रय गृह में भेज दिया गया है।