Japan Tsunami Alerts: जापान के उत्तरी हिस्से में सोमवार (20 अप्रैल 2026) को 7.4 मैग्नीट्यूड के भूकंप के झटके महसूस किए गए. नेशनल ब्रॉडकास्टर NHK के अनुसार, भूकंप के बाद तटीय इलाकों के लिए तुरंत सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई. अधिकारियों ने बताया कि इवाते प्रीफेक्चर और होक्काइडो के कुछ हिस्सों में समुद्र की लहरें करीब 3 मीटर तक ऊंची उठ सकती हैं. लोगों से कहा गया है कि वे तुरंत सुरक्षित और ऊंची जगहों पर चले जाएं.
सरकार और आपातकालीन सेवाएं पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं, स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. प्रशासन यह भी समझने की कोशिश कर रहा है कि भूकंप और सुनामी से कितना नुकसान हो सकता है. जारी चेतावनी में यह भी कहा गया है कि सुनामी की लहरें तट के पास पहुंचनी शुरू हो चुकी हैं और ये एक बार नहीं, बल्कि कई बार आ सकती हैं. एडवाइजरी में कहा गया है कि लोगों को बिना समय गंवाए, वहां से हट जाना चाहिए.
लहरों को लेकर खास चेतावनी
अधिकारियों ने यह भी बताया कि लहरें तय समय से पहले या बाद में आ सकती हैं और उनकी ऊंचाई अनुमान से ज्यादा भी हो सकती है. खास तौर पर समुद्री तटों और नदियों के किनारे रहने वाले लोगों को वहां से दूर रहने की सलाह दी गई है, क्योंकि पानी का लेवल अचानक बढ़ सकता है. इस वजह से इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बन सकती है.

