हैदराबाद और उन्नाव के बाद अब बिहार के मुजफ्फरपुर में भी एक लड़की को जिंदा जलाने की घटना सामने आई है।ये मामला अहियापुर इलाके का है । जहां एक प्रेमी ने एकतरफा प्यार के चलते अपनी प्रेमिका को जला दिया। गंभीर स्थिति में लड़की को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। डॉक्टर के अनुसार लड़की 80 फीसदी तक जल चुकी है। पुलिस ने आरोपी शख्स को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़ित की मां के अनुसार लड़का तीन साल से पीछे पड़ा हुआ था।
पीड़ित लड़की की मां ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार पुलिस को खबर देने के बावजूद पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया। मां का आरोप है कि हर बार पुलिस लड़की के प्रतिष्ठा की बात कहकर समझौते के लिए दबाव डाल रही थी।
घटना के वक्त पीड़ित की मां काम पर गई थी तभी खबर मिली कि आरोपी ने घर में घुसकर जिंदा जला दिया। वहीं घटना के संबंध में मेडिकल ओ पी प्रभारी ने बताया है कि मामले में पुलिस को जानकारी मिली है और पुलिस छानबीन कर जांच करना में लगी हुई है।