उत्तर प्रदेश और मध्य प्रेदश की सीमा में ताबड़तोड़ वारदातों को अंजाम देकर पाठा के बीहड़ में कूदी डकैत साधना पटेल को एमपी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसके ऊपर एमपी पुलिस ने 30 हजार का इनाम घोषित किया था। वह इधर करीब एक वर्ष से गायब चल रही थी। उसके गैंग के ज्यादातर हार्डकोर इनामी सदस्य पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके है। सूत्रों की मानें तो मझगवां थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर साधना को दबोचने में कामयाबी हासिल की है। उसके साथ गैंग के एक अन्य सदस्य को भी पुलिस ने पकड़ा है।
पुलिस अधीक्षक रियाज इकबाल की विशेष गठित टीम ने डकैत साधना पटेल को पकड़ा है। वहीं सूत्रों के मुताबिक करियन के जंगल से गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है। हालांकि कई माह से राज्य के बाहर साधना पटेल ने पनाह ले रखी थी। गिरफ्तारी के वक्त उसके पास से 315 बोर की एक बंदूक बरामद हुआ है।