दिल्ली समेत पूरा उत्तर भारत प्रचंड शीत लहर की चपेट में है। दिल्ली में 119 साल का रेकॉर्ड टूट चुका है। सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 9.4 डिग्री तक दर्ज किया गया। दिन में तापमान में आई ऐसी गिरावट ने मौसम वैज्ञानिकों को भी हैरत मे डाल दिया है। हवाओं के दिशा में होनेवाले परिवर्तन को देखते हुए वैज्ञानिकों ने तापमान में वृद्धि का अनुमान जताया था। हालांकि, सोमवार को स्थिति बिल्कुल बदल गई और तापमान में और गिरावट दर्ज की गई।
मौसम विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘तापमान में गिरावट की उम्मीद हमें नहीं थी। हमारा अनुमान था कि रविवार को अधिकतम तापमान से सोमवार के अधिकतम तापमान में वृद्धि होगी। रविवार को सफदरजंग इलाके का अधिकतम तापमान 15.8 डिग्री था और हमारा अनुमान था कि सोमवार को यह बढ़कर 17 डिग्री के आसपास रहेगा।’