झारखंड में लोगों को भारी भरकम ट्रैफिक जुर्माने से राहत दी गई है और इससे भी राहत की बात यह है कि इसे लागू करने में अभी देर है। अक्टूबर महीने में नए नियमों को लेकर कम से कम 15 दिनों का जागरूकता कार्यक्रम चलाया जाएगा। इसके बाद ही इसे लागू किया जाएगा। माना जा रहा है कि इसके बाद पुलिस चुनाव संबंधी कार्यों में व्यस्त होगी और जुर्माना वसूली जैसे काम प्राथमिकता में नहीं होंगे। ऐसे में अगले दो महीने तक जुर्माना वसूली सही तरीके न होने की उम्मीद है।
राज्य में केंद्रीय परिवहन कानून में संशोधन को लेकर अधिसूचना जारी होने के बाद इससे संबंधित जागरूकता कार्यक्रम चलाया जाएगा। कम से कम 15 दिनों के जागरूकता कार्यक्रम के बाद ही जुर्माना वसूली शुरू हो पाएगी। जागरूकता कार्यक्रम इसी महीने चलाना है। इस हिसाब से यह लग रहा है कि पुलिस की गतिविधियां चुनाव तक इसी रफ्तार में रहेंगी। सुस्त कार्रवाई के पीछे तर्क यह भी है कि लोगों को कानून में आए बदलाव से अवगत करा देना है। हालांकि अभी तक जागरुकता कार्यक्रम को लेकर तारीख तय नहीं हुई है।