हिमाचल प्रदेश के जिला किन्नौर में NH-5 अचानक ग्लेशियर सड़क पर आ गया। बर्फ का पहाड़ अचानक सड़क पर देखकर यहां से गुजर रहे राहगीर और पर्यटक सहम गए। अचानक ग्लेशियर से बर्फ की बड़ी-बड़ी दीवारें पक्की सड़क पर फिसलते हुए आगे बढ़ने लगी, यह देख पर्यटकों ने आनन फानन में अपने वाहन मोड़कर पीछे भागने की राह पकड़ी। लेकिन इस दौरान आनन फानन में कई गाडि़यां फंस गईं। ग्लेशियर की करीब 10 फीट ऊंची और कई मीटर लंबी दीवार सड़क पर फिसलती रही।
गनीमत यह रही कि कोई पर्यटक इसमें हताहत नहीं हुआ। यह ग्लेशियर रिकांगपिओ से पीछे टिंकूनाला में गिरा था। शनिवार को ही सीमा सड़क संगठन ने मार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल किया। स्थानीय लोग पर्यटकों को पीछे हटने की चेतावनी दे रहे थे। लेकिन बावजूद इसके कुछ पर्यटकों ने मनमानी की और ग्लेशियर में फंस गए। हालांकि खतरा भांपकर पर्यटक फाैरन वाहन से कूद गए, लेकिन उनके वाहन वहीं फंसे रहे।