दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को मीडिया से बात की। इस दौरान अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में बढ़ते Coronavirus के मामलों पर चर्चा की और कहा कि जो नए मामले आए हैं उनमें से अधिकतर कम लक्षण वाले हैं। इस के अलावा दिल्ली CM ने एक प्राइवेट अस्पताल का जिक्र किया, जिसने एक Corona मरीज को बेड नहीं दिया था। केजरीवाल ने कहा कि ऐसा बर्दाश्त नहीं होगा और अस्पताल को नोटिस दिया गया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली के एक प्राइवेट अस्पताल ने एक मरीज को भर्ती नहीं किया, टेस्ट के दो दिन बाद वो Coronavirus पॉजिटिव निकला था। CM ने बताया कि हमने उस अस्पताल को नोटिस दिया है और ऐसा करने का कारण मांगा है। किसी भी मरीज के साथ ऐसा नहीं कर सकते हैं।
अरविंद केजरीवाल ने बताया कि जल्द ही एक ऐसा सिस्टम लाएंगे, जिससे लोगों को ये पता चल सके कि किस अस्पताल में कितने बेड खाली हैं।
दिल्ली में Coronavirus के बढ़ते मामलों की संख्या के बीच अरविंद केजरीवाल ने तैयारियों पर बात की। अरविंद केजरीवाल बोले कि दिल्ली के सरकारी अस्पतालों में अभी 3829 बेड हैं, इनमें अधिकतर में ऑक्सीजन की सुविधा है। इनमें से डेढ़ हजार बेड इस्तेमाल हुए हैं, बाकी खाली हैं। हमारे पास दो सौ वेंटिलेटर हैं, जिनमें से 11 इस्तेमाल हुए हैं।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि प्राइवेट अस्पतालों में 600 से अधिक बेड Corona के रिजर्व हैं, इसके अलावा आज से 2000 से अधिक बेड प्राइवेट अस्पताल में रिजर्व होगा। इसके बारे में अस्पतालों से कहा गया है कि वो अपने यहां बीस फीसदी बेड कोविड रिजर्व रखें।
गौरतलब है कि दिल्ली में पिछले एक हफ्ते में Coronavirus के मामलों में उछाल आया है, जिसके बाद अब दिल्ली CM अरविंद केजरीवाल जनता से मुखातिब हुए।