देश में कोरोना के केस 5 लाख के पार, झारखंड ने 31 जुलाई तक बढ़ाया लॉकडाउन

देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस (Coronavirus) के मामलों में रिकॉर्ड स्‍तर पर वृद्धि दर्ज की गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, गुरुवार सुबह 8 बजे से शुक्रवार सुबह 8 बजे तक COVID-19 के 17,296 नए केस सामने आए। जबकि इस दौरान 407 मरीजों की मौत भी हो गई। झारखंड में 31 जुलाई तक लॉकडाउन बढ़ा दिया गया है। लॉकडाउन बढ़ाने की सूचना झारखंड सरकार की ओर से जारी कर दी गई है। दरअसल, झारखंड में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़े हैं। हालांकि यह संख्या अब भी कई राज्यों के मुकाबले बेहद कम है। लेकिन CM हेमंत सोरेन की अगुवाई वाली राज्य सरकार ने अतिरिक्त एहतियात बरतते हुए लॉकडाउन 31 जुलाई तक बढ़ाने का फैसला किया है। मुख्य सचिव सुखदेव सिंह ने इस संबंध में एडवायजरी जारी करते हुए मौजूदा पाबंदियों को बरकरार रखे जाने का निर्देश निर्देश दिया है। साथ ही इस लॉकडाउन का पालन सख्ती से कराने के लिए प्रशासन को निर्देश दिया गया। सरकार ने अपने निर्देश में यह साफ किया है कि जिन गतिविधियों को पहले छूट दी गई थी, वह जारी रहेगी।

देश में शुक्रवार सुबह तक कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या 490,401 थी। हालांकि देश में संक्रमण से सबसे ज्‍यादा प्रभावित राज्यों महाराष्ट्र, दिल्ली और तमिलनाडु के शुक्रवार देर शाम तक के आंकड़े अगर जोड़ दिए जाएं तो देश में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या पांच लाख की संख्या को पार कर चुकी है।

महाराष्‍ट्र में शुक्रवार को एक दिन में कोरोना के 5024 नए मामले सामने आए, जबकि इस दौरान 175 लोगों की मौत हो गई। तमिलनाडु में शुक्रवार को कोरोना वायरस के सर्वाधिक 3,645 नए मामले आए। इसके साथ ही 46 मरीजों की मौत भी हो गई। जबकि राष्ट्रीय राजधानी दिल्‍ली में कोरोना ने फिर रिकॉर्ड तोड़ा है। कोरोना के शुक्रवार को 3460 नए मामले सामने आए हैं। दिल्ली में 24 घंटे के अंदर 63 लोगों की मौत इस संक्रमण की वजह से हुई है। जबकि आंध्रप्रदेश और पश्चिम बंगाल में क्रमश: 605 और 542 मामले सामने आए। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि दिल्ली, चेन्नई, ठाणे, मुंबई, पालघर, पुणे, हैदराबाद, रंगा रेड्डी, अहमदाबाद और फरीदाबाद उन 10 जिलों तथा शहरों में शामिल हैं जहां देश में गुरुवार तक सामने आए कुल मामलों में से आधे से अधिक 54.47% मामले हैं।

देश में कोरोना से ठीक होने वाले लोगों की संख्या कोरोना वायरस के सक्रिय मामलों से 96,173 अधिक है। देश में 1,89,463 मरीजों का इलाज चल रहा है और एक दिन में 13,940 लोगों के ठीक होने के साथ ही संक्रमण से मुक्त होने वाले लोगों की संख्या 2,85,636 हो गई है। स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय ने कहा, ‘इससे ठीक होने वालों की दर 58.24% हो गई है।’ भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) के अनुसार 25 जून तक कुल 77,76,228 नमूनों की जांच की जा चुकी है जिनमें से 2,15,446 नमूनों की जांच गुरुवार को की गई।

देश में COVID-19 जांच प्रयोगशालाओं की संख्या बढ़ाने के क्रम में पिछले 24 घंटे में 11 नयी प्रयोगशालाओं को शामिल किया गया है। भारत में अब कुल 1,016 COVID-19 जांच प्रयोगशालाएं हैं जिनमें से 737 सरकारी और 279 निजी प्रयोगशालाएं हैं। पिछले 24 घंटे में मौत के 407 नए मामलों में से 192 महाराष्ट्र से हैं। इस दौरान दिल्ली में 64, तमिलनाडु में 45, गुजरात में 18, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश में 15-15, आंध्र प्रदेश में 12, हरियाणा में 10, मध्य प्रदेश में आठ, पंजाब में सात, कर्नाटक में छह, तेलंगाना में पांच, राजस्थान में चार और जम्मू कश्मीर में दो लोगों की इस बीमारी से मौत हुई है।

पिछले 24 घंटे में अरुणाचल प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, झारखंड और उत्तराखंड में COVID-19 से एक-एक व्यक्ति की इस बीमारी से मौत हुई है। देश में महामारी से अब तक कुल 15,301 लोगों की मौत हुई है जिनमें से महाराष्ट्र में 6,931, दिल्ली में 2,429, गुजरात में 1,753, तमिलनाडु में 911, उत्तर प्रदेश में 611, पश्चिम बंगाल में 606, मध्य प्रदेश में 542, राजस्थान में 379 और तेलंगाना में हुई 230 लोगों की जान गई है। कोविड-19 से हरियाणा में अब तक 198, कर्नाटक में 170, आंध्र प्रदेश में 136, पंजाब में 120, जम्मू-कश्मीर में 90, बिहार में 57, उत्तराखंड में 36, केरल में 22 और ओडिशा में 17 लोगों की मौत हुई है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार COVID-19 से छत्तीसगढ़ और झारखंड में 12-12, असम, हिमाचल और पुडुचेरी में नौ-नौ, चंडीगढ़ में छह, गोवा में दो और मेघालय, त्रिपुरा और लद्दाख में एक-एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published.

बिहार के इन 2 हजार लोगों का धर्म क्या है? विश्व का सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड कौन सा है? दंतेवाड़ा एक बार फिर नक्सली हमले से दहल उठा SATISH KAUSHIK PASSES AWAY: हंसाते हंसाते रुला गए सतीश, हृदयगति रुकने से हुआ निधन India beat new Zealand 3-0. भारत ने किया कीवियों का सूपड़ा साफ, बने नम्बर 1