हरियाणा विधानसभा चुनाव 2019 के लिए कांग्रेस ने अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। कांग्रेस के इस घोषणा पत्र में वादों का पिटारा है। पार्टी ने राज्य में अपनी सरकार बनने तक गर्भवती महिलाओं को बच्चे के जन्म तक 3500 रुपये प्रतिमाह देने की घोषणा की है। गरीब किसानों को मुफ्त बिजली देने की भी इसमें घोषणा की गई है।
कांग्रेस का घोषणा पत्र पार्टी के हरियाणा प्रभारी गुलाम नबी आजाद, हरियाणा कांग्रेस की अध्यक्ष कुमारी सैलजा और पार्टी की वरिष्ठ नेता किरण चौधरी ने यहां हरियाणा कांग्रेस के कार्यालय में जारी किया। इस मौके पर चंडीगढ़ के कांग्रेस नेता व पूर्व रेलमंत्री पवन बंसल भी मौजूद थे।
इस मौके पर गुलाम नबी आजाद ने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस की सरकारों ने बहुत अच्छा काम किया और भाजपा के शासन में कुछ नहीं हुआ। लेकिन, हम पब्लिसिटी में पिछड़ गए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस काम में तो हीरो है, पर पब्लिसिटी में ज़ीरो है।